रमेश सिन्हा, पिथौरा। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के तहत लगाए जा रहे समाधान शिविरों में लोगों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पिथौरा विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर में एक अलग तरह की मांग चर्चा का विषय बन गई। शिविर में आबकारी विभाग को लिखित आवेदन देकर मदिरा दुकानों में “गोवा ब्रांड” की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

narayana

इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलेभर में विभाग को अब तक कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई हैं और दोनों ही शिकायतों में मंदिरा दुकानों में गोवा ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई है। अधिकारी की यह बात सुनकर प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुस्कुरा पड़े, जिससे शिविर में मौजूद लोगों के बीच हल्की हंसी का माहौल बन गया।

हालांकि मंत्री बघेल ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा और किसी भी आवेदन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “कोई भी आवेदन कचरे के डब्बे में नहीं जाएगा।”

सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविरों में आमजन अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और सुझावों को सीधे प्रशासन के सामने रख रहे हैं, जिनके निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H