हजारीबाग। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर खतियानी परिवार ने शोक व्यक्त किया। शनिवार को कन्हरी रोड स्थित खतियानी चौक के जेपीएम अस्पताल परिसर में महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष सुनीता कच्छप की अध्यक्षता में संगठन की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही राज्य सरकार से रूपी सोरेन को ‘राजमाता’ की उपाधि देने की मांग की गई।

शहर की जर्जर सड़कों पर जताई चिंता

बैठक में हजारीबाग शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों का मुद्दा भी उठाया गया। डॉ. एके मेहता ने सड़कों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि त्योहारों का सिलसिला शुरू हो चुका है। ऐसे में सड़कों की खराब हालत के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़कों की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत बताई।