रोहित कश्यप, मुंगेली l जिले के जरहागांव नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर अब माहौल गर्माता जा रहा है। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध शराब कारोबार के खिलाफ नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष रुपाली वेदप्रकाश कश्यप, उपाध्यक्ष मनोज कश्यप, पार्षद धीरसिंह बंजारे, सुरेश साहू, सहित कई पार्षदों ने थाना प्रभारी जरहागांव को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला ?

जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के गांवों में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और महिलाएं, युवा तथा आम नागरिक परेशान हैं।

ज्ञापन में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगाई जा सकती, तो फिर क्षेत्र के सभी लोगों को भी खुलेआम शराब बेचने की अनुमति दी जाए। नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने साफ कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।

पुलिस प्रशासन की जनप्रतिनिधियों से अपील

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस विभाग की होगी। इधर मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया है। थाना स्तर पर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। साथ ही जनप्रतिनिधियों से यह अपील भी की गई है कि किसी भी अवैध शराब कारोबारी को राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण न दिया जाए।

अवैध शराब के मुद्दे पर चर्चा तेज

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब के मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती, तो आने वाले दिनों में मामला और बड़ा रूप ले सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें