देवघर। झारखंड के देवघर में दुर्गा पूजा मेले के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ स्थित एक फर्नीचर दुकान के पास सोमवार देर रात हुई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रौशन यादव के रूप में हुई है, जो सीमावर्ती बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के गोड़यारी धर्मशाला के पास का रहने वाला था। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

दोस्तों के साथ बाइक से आया था मेला देखने

बताया जा रहा है कि रौशन यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ बाइक से देवघर दुर्गा पूजा का मेला देखने आया था। उसने अपनी बाइक कहीं खड़ी की और इसके बाद रांगा मोड़ की ओर पहुंचा। इसी दौरान वहां कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई।

दाईं आंख के नीचे मारी गोली

सूत्रों के मुताबिक, कहासुनी के दौरान एक युवक ने बेहद करीब से रौशन को गोली मार दी। गोली उसके दाईं आंख के नीचे लगी और सिर के पीछे के हिस्से से बाहर निकल गई। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा।

साथ मौजूद युवकों और अन्य लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी और एसडीपीओ ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही एसपी प्रवीण पुष्कर और एसडीपीओ कुलदीप कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

घटना के बाद मृतक के साथ आए कुछ युवकों ने कुछ देर हंगामा भी किया। पुलिस के अनुसार, इनमें कुछ युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। प्रारंभिक तौर पर नशे को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

दो युवक हिरासत में, हथियार की तलाश जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक के स्थानीय गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों की तलाश और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पिता बोले- मेला घूमने आया था बेटा

मृतक के पिता नागेश्वर यादव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा देवघर मेला घूमने के लिए आया था। यहां अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी। उन्होंने हत्या की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस उस स्थान की भी जांच कर रही है, जहां युवकों के खाने-पीने के लिए जुटने की बात सामने आई है।

परिवार का बड़ा सहारा था रौशन

ग्रामीणों के अनुसार, रौशन अपने माता-पिता का बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा भाई भी है। लोगों का कहना है कि उनकी जानकारी में रौशन सीधा-सादा युवक था। वह पढ़ाई के साथ अपने पिता के कारोबार में भी हाथ बंटाता था।

उसके पिता की गांव में परचून की दुकान है और रौशन काफी हद तक दुकान की जिम्मेदारी संभालने लगा था। परिवार के लिए वह बड़ा सहारा था। ऐसे में मेला देखने आए युवक की इस तरह गोली मारकर हत्या किए जाने से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।