देवघर। नगर थाना क्षेत्र में 76 वर्षीय महिला से लाखों रुपये के सोने के जेवर धोखे से ले जाने का मामला सामने आया है। कास्टर टाउन रेड रोज के पास बावनबीघा निवासी अंजेला सिंह के साथ दो बाइक पर सवार चार युवकों ने कथित तौर पर घटना को अंजाम दिया। महिला के मुताबिक, आरोपी करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के कंगन और अंगूठी लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

टोटो रोककर महिला को नीचे उतारा

पीड़िता के अनुसार, वह दोपहर करीब 2:15 बजे होम्योपैथिक डॉक्टर के यहां से टोटो में बैठकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान संताल पहाड़िया सेवामंडल के पास दो बाइक पर सवार चार युवकों ने टोटो को रोक लिया।

महिला ने पुलिस को बताया कि एक बाइक पर सवार दो युवक टोटो चालक के पास रुके, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें टोटो से नीचे उतार दिया। इस दौरान आरोपियों ने टोटो चालक को बाजला चौक पर रोकने के लिए दो बार आवाज भी लगाई।

दो कंगन और अंगूठी लेकर फरार

पीड़िता के मुताबिक, घटना के दौरान उनके सोने के दो कंगन और एक अंगूठी धोखे से ले लिए गए। इनकी कुल कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है। महिला ने बताया कि दोनों कंगन उन्होंने हाल ही में खरीदे थे।

घटना के बाद पीड़िता अपने दामाद और अन्य परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचीं और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।