देवघर। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत का आगामी 2 नवंबर को देवघर आगमन प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दो घंटे के इस संक्षिप्त प्रवास के दौरान सीजेआई बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
दो घंटे देवघर में रहेंगे मुख्य न्यायाधीश
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत देवघर में करीब दो घंटे रुकेंगे। इस दौरान सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम है। इसके बाद वे NALSA के जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को विधिक सेवाओं और न्याय से जुड़ी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम
सीजेआई के आगमन को लेकर जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क है। उनके पूरे कार्यक्रम के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और वीआईपी प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान अनधिकृत प्रवेश पर रोक रहेगी। मंदिर परिसर में सुरक्षा बनाए रखने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
चक्रवात अर्नब के कारण तैयारियों में आई थी बाधा
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि चक्रवात अर्नब के प्रभाव से पिछले दो दिनों में तैयारियों के दौरान कुछ बाधाएं आई थीं। हालांकि, अब प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियों को गति दे दी है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में मुख्य न्यायाधीश के आगमन से संबंधित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

