देवघर। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देवीपुर स्थित एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक की समीक्षा

समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने उपराष्ट्रपति के आगमन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। एयरपोर्ट पर अगवानी से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि निर्धारित स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं।

अधिकारियों को खुद निरीक्षण करने का निर्देश

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवस्था में कमी नहीं रहनी चाहिए। उपराष्ट्रपति के सुरक्षित आवागमन और कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित इलाकों में नो ड्रोन फ्लाई जोन

उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देवघर अनुमंडल के निर्धारित मार्गों और क्षेत्रों को ‘नो ड्रोन फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य अनधिकृत ड्रोन उड़ानों और अन्य हवाई गतिविधियों पर नियंत्रण रखना है, ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।

उच्चस्तरीय बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिंहा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, एम्स एवं एयरपोर्ट के निदेशक, सिविल सर्जन, एसडीपीओ, यातायात डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

प्रशासन की ओर से उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 10 अक्टूबर को देवीपुर स्थित एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की उपस्थिति प्रस्तावित है।