देवरिया के बैतालपुर स्थित BPCL LPG प्लांट में जलभराव के चलते रिफिलिंग और सिलेंडर आपूर्ति प्रभावित हुई है. 9 जिलों में किल्लत की स्थिति है.
देवरिया. लगातार हुई भारी बारिश के बाद बैतालपुर स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के LPG बॉटलिंग प्लांट में पानी भर गया है. जलभराव के कारण प्लांट में LPG रिफिलिंग और सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है.
बताया गया है कि प्लांट परिसर में करीब दो से तीन फीट तक पानी जमा है. यहां LPG से भरे टैंकर और सिलेंडर लोड ट्रक भी पानी में फंसे हुए हैं, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से प्लांट का संचालन रोकना पड़ा है.
नौ जिलों पर असर
बैतालपुर प्लांट से देवरिया के अलावा गोरखपुर, कुशीनगर, बलिया, मऊ, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर और आजमगढ़ में LPG सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती है. इन जिलों में घरेलू और व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सिलेंडरों की सप्लाई इस प्लांट से जुड़ी है.

प्लांट का काम प्रभावित होने से संबंधित गैस एजेंसियों पर सिलेंडरों की उपलब्धता पर असर पड़ने की बात कही गई है. उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद सामान्य से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है.
पानी निकालने का काम
BPCL डिपो इंचार्ज समीउल्लाह के मुताबिक, प्लांट परिसर से पानी निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है. इसके लिए पंपों की मदद ली जा रही है.
अधिकारियों के अनुसार, पानी निकलने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही LPG रिफिलिंग का काम दोबारा शुरू किया जा सकेगा. हालात में सुधार होने पर अगले 24 घंटे में आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई गई है.


