देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में 75 वर्षीय श्रीकिशुन प्रजापति की पत्नी की गोद में मौत हो गई. पति को बीमार समझ रही बच्ची देवी को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद बेटी के साथ रोते देखा गया.

देवरिया. महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को 75 वर्षीय श्रीकिशुन प्रजापति की मौत हो गई. वह ओपीडी जाने वाली सीढ़ियों पर पत्नी बच्ची देवी की गोद में बैठे थे. पति की हालत बिगड़ने और उनके कोई जवाब नहीं देने के बावजूद पत्नी काफी देर तक उन्हें बीमार समझती रहीं. इमरजेंसी में ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पति को बीमार समझती रहीं पत्नी

खुखुंदू थाना क्षेत्र के शेरवा बभनौली गांव निवासी श्रीकिशुन प्रजापति, स्वर्गीय शंकर के पुत्र थे. वह काफी समय से बीमार चल रहे थे. उनकी पत्नी बच्ची देवी सोमवार को उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची थीं. इमरजेंसी में दिखाने के बाद वह पति को नए भवन में ले गईं और ओपीडी की सीढ़ियों पर बैठ गईं.

इसी दौरान श्रीकिशुन ने पत्नी की गोद में ही दम तोड़ दिया. बच्ची देवी को इसका पता नहीं चला. वह पति से लगातार बातें करती रहीं और सोचती रहीं कि आखिर वह जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं. पति को छोड़कर डॉक्टर के पास जाने में भी उन्हें परेशानी हो रही थी.

पूर्व प्रधान ने दी परिवार को सूचना

इसी दौरान इजरही गांव के पूर्व प्रधान सतीश चंद्र त्रिपाठी की नजर परेशान बैठी महिला पर पड़ी. उन्होंने बच्ची देवी से उनके परिवार के बारे में जानकारी ली और गौरा में रहने वाली उनकी बेटी सोनमती देवी को फोन कर मौके पर बुलाया.

घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा भी मरीजों को देखने का काम छोड़कर वहां पहुंचे. उन्होंने बुजुर्ग की जांच की और स्ट्रेचर मंगवाकर उन्हें इमरजेंसी में भिजवाया. वहां ईसीजी जांच के बाद चिकित्सकों ने श्रीकिशुन को मृत घोषित कर दिया.

पति की मौत का पता चलते ही रो पड़ीं

शुरुआत में बच्ची देवी पति को बीमार ही समझ रही थीं. जब श्रीकिशुन के शरीर पर गमछा डाला गया, तब उन्हें उनके दुनिया से चले जाने का अहसास हुआ. यह जानकर वह टूट गईं और अपनी बेटी सोनमती देवी से लिपटकर रोने लगीं. मां-बेटी को इस तरह विलाप करते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.

सीएमएस के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज के वाहन से श्रीकिशुन का शव उनके घर भिजवाया गया.

तीनों बेटे रहते हैं बाहर

श्रीकिशुन प्रजापति के तीन बेटे भोला, संतोष और प्रमोद हैं. तीनों रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं. भोला और संतोष महाराष्ट्र के पुणे में हैं, जबकि प्रमोद विदेश में रहता है. पिता की मौत की सूचना तीनों बेटों को दे दी गई है.