प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोहारा में एसडीएम कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मंच से ही भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि राजस्व मामलों में किसानों से काम के बदले पैसे मांगने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को उन्होंने “एको दिन गड़बड़ पकड़ाही ता मुरकीटा जाबे” कहते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।

धान खरीदी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई

दरअसल, लोहारा में धान खरीदी से जुड़े मामले में किसानों ने शिकायत की थी। शिकायत सामने आते ही उप मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधे बैठकर बातचीत की और संबंधित पटवारी के निलंबन की कार्रवाई की गई।

उप मुख्यमंत्री की दो टूक

इसके बाद पटवारी संघ ने भी उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर निलंबन पर सवाल उठाए। इस पर विजय शर्मा ने दो टूक कहा कि पटवारी काम नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है।

अधिकारी-कर्मचारी को पैसे देने की जरूरत नहीं

उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को चुपचाप पैसे देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई काम के एवज में रिश्वत मांगता है, तो सीधे उन्हें फोन करें।

कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज

विजय शर्मा के इस सख्त तेवर और बयान का वीडियो वायरल होने के बाद रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि इस चेतावनी का सरकारी तंत्र पर कितना असर पड़ता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H