नवीन शर्मा, हांसी। हांसी के जिला बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में हांसी के बीजेपी विधायक विनोद भयाना ने ढाणा खुर्द गांव में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नई सड़क का उद्घाटन किया।
यह सड़क पहले 12 फीट चौड़ी थी, जिसे अब बढ़ाकर 18 फीट किया जा रहा है। सड़क चौड़ी होने से ढाणी पीरवाली, ढाणी पीरान, ढाणा खुर्द, बड़सी, दुर्जनपुर, मिलकपुर और अलकपुरा सहित कई गांवों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि जिला बनने के बाद बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पार्टी अपनी कमियों को छिपाने का प्रयास कर रही
इस दौरान विनोद भयाना ने राजनीतिक मुद्दों पर भी बयान दिया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर विधायकों ने अलग वोट डाला है, तो यह कांग्रेस की अंदरूनी कमजोरी को दर्शाता है। कांग्रेस द्वारा वोट चोरी के आरोपों को उन्होंने निराधार बताते हुए कहा कि पार्टी अपनी कमियों को छिपाने का प्रयास कर रही है।
बारिश को लेकर प्रशासन सतर्क
आगामी बरसात को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। पिछले साल जलभराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ड्रेनों की सफाई के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और अगले 15 दिनों में व्यवस्था दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सैनी और जिला प्रशासन लगातार बैठकें कर रहे हैं।
वहीं, हांसी-तोशाम सड़क निर्माण में देरी को लेकर विधायक ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान अस्थायी असुविधा सामान्य है और जल्द ही कार्य पूरा कर लोगों को राहत दी जाएगी।

