पुरी। ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर (श्रीमंदिर) में शुक्रवार सुबह एक दुखद हादसा सामने आया है। भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए कतार में खड़े एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक श्रद्धालु की पहचान ओडिशा के ढेंकनाल जिले के देवराज साहू के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवराज साहू शुक्रवार सुबह अपने रिश्तेदारों और परिजनों के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के लिए श्रीमंदिर पहुंचे थे। मंदिर परिसर के बाहर बैरिकेड में दर्शन की अपनी बारी का इंतजार करते समय अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वे अस्वस्थ महसूस करने लगे।
वहां तैनात पुलिस बल और श्रीमंदिर सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उन्हें भीड़ से बाहर निकाला और इलाज के लिए पुरी जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने आवश्यक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर उनके मेडिकल दस्तावेजों की जांच की।
जांच में पाया गया कि देवराज साहू पिछले 3 वर्षों से गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे और उनका लगातार इलाज चल रहा था। प्राथमिक चिकित्सीय अनुमान के मुताबिक, दर्शन के दौरान अचानक पड़े दिल के दौरे के कारण ही उनकी मौत हुई है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

