हर्षित तिवारी, खातेगांव। देवास जिले के बागली में अंतर्जातीय प्रेम विवाह को लेकर उपजे विवाद ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। मामले में आदिवासी समाज का गुस्सा अब सीधे क्षेत्रीय भाजपा विधायक मुरली भंवरा के खिलाफ फूट पड़ा। कोरकू समाज के लोगों ने विधायक पर पक्षपात और समाज की भावनाओं की अनदेखी के आरोप लगाते हुए उनका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर विरोध दर्ज कराया।
प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा
आदिवासी समाज के लोगों ने बागली थाना चौराहे से अस्थि मटकी आगे रखकर प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा निकाली। यह यात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः थाना चौराहे पहुंची, जहां अस्थि मटकी फोड़ी गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “बागली विधायक मुर्दाबाद” के नारे लगाए और विधायक के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
विधायक पर लगे ये आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंतर्जातीय प्रेम विवाह के मामले में विधायक मुरली भंवरा ने आदिवासी समाज की भावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया और न ही कोई स्पष्ट भूमिका निभाई। समाज के लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद विधायक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने या समाज से संवाद करने की कोशिश नहीं की, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
आदिवासी समाज ने किया था विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि इससे पहले इसी मामले को लेकर आदिवासी समाज ने बस स्टैंड मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस जांच में युवक-युवती दोनों बालिग पाए गए और उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह करने की बात कही। प्रशासन की समझाइश के बाद युवती ने स्वयं नारी निकेतन में रहने का निर्णय लिया, जिसके बाद हालात कुछ हद तक नियंत्रण में आए।
युवती को नारी निकेतन भेजा गया
तहसीलदार नीरज प्रजापति के अनुसार, एसडीएम के निर्देश पर युवती को नारी निकेतन भेजा गया है और फिलहाल वहां रहने की कोई समय सीमा तय नहीं की गई है। वहीं पुलिस-प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात है।
हालांकि प्रशासनिक स्तर पर मामला शांत करने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन विधायक मुरली भंवरा के खिलाफ आदिवासी समाज का यह विरोध प्रदर्शन साफ तौर पर राजनीतिक असंतोष और जनप्रतिनिधि की भूमिका पर सवाल खड़े करता नजर आ रहा है।


