हेमंत गुर्जर, सतवास/देवास। देवास जिले के सतवास थाना अंतर्गत ग्राम नामनपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के पास ही स्थित एक कुएं में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आपसी विवाद में हत्या की आशंका
मृतक की पहचान नारायण यादव (गवली) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते नारायण की हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंका गया है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सतवास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल और कुएं के आसपास के इलाके का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों के बयानों सहित सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

