देवास। मध्य प्रदेश की धार्मिक और विश्व प्रसिद्ध नगरी देवास स्थित मां चामुंडा-तुलजा भवानी टेकरी मंदिर परिसर में रील (Reel) बनाने को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर माया पटेल और उनके कुछ साथियों द्वारा मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर वीडियो/रील बनाने की जिद को लेकर पुजारी परिवार और श्रद्धालुओं के बीच तीखी बहस हो गई।

SDM के नाम पर मांगी रील बनाने की इजाजत 

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंदिर परिसर के अंदर पुजारी परिवार, महिलाओं और इन्फ्लुएंसर के बीच काफी देर तक बहसबाजी होती दिख रही है। बताया जा रहा है कि इन्फ्लुएंसर और उनके साथियों ने खुद को एसडीएम (SDM) का प्रोटोकॉल होने का हवाला देते हुए मंदिर के अति-संवेदनशील व पवित्र गर्भगृह में रील बनाने की अनुमति मांगी थी।

पुजारी परिवार ने दी सफाई  

दूसरी ओर, मंदिर के पुजारी परिवार का कहना है कि मां चामुंडा और तुलजा भवानी मंदिर के गर्भगृह की एक निश्चित धार्मिक मर्यादा और सदियों पुरानी परंपराएं हैं। किसी भी सोशल मीडिया रील या शूटिंग के लिए इन परंपराओं को नहीं तोड़ा जा सकता, इसलिए उन्होंने रील बनाने की अनुमति देने से स्पष्ट इनकार कर दिया।

वीआईपी दर्शन के आरोपों को बताया निराधार 

मामला तूल पकड़ने के बाद सोशल मीडिया पर वीआईपी दर्शन के नाम पर पैसे लेने जैसी उड़ती खबरों का भी पुजारी परिवार ने खंडन किया है। पुजारी परिवार ने मीडिया और आम जनता से अपील की है कि भ्रामक दावों से बचें और मामले में दोनों पक्षों का रुख समझकर ही निष्पक्ष जानकारी प्रसारित करें। फिलहाल यह वायरल वीडियो क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m