प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने गणेश विसर्जन और आगामी त्योहारों से पहले बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली, अर्जुनी और रूद्री थाना क्षेत्र के गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों को थाने बुलाकर परेड कराई गई। साथ ही उन्हें नशे और अपराध से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई।

पढ़िए पूरी खबर

बता दें कि पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों की सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ना सिर्फ गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों को थाने बुलाया गया बल्कि पुलिस अधिकारियों ने उनसे चर्चा करते हुए अपराध और नशे से दूर रहने की समझाइश दी। साथ ही सभी को नशे और अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

बख्शे नहीं जाएंगे कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अशांति, आपराधिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की रहेगी विशेष नजर

वहीं, आगामी गणेश विसर्जन झांकी और त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। अड्डेबाजी, लड़ाई-झगड़ा, चाकूबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

निगरानी और चेकिंग कार्रवाई रहेगी जारी

थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की निगरानी और चेकिंग कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H