प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस की ओर से ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए। गुम मोबाइल वापस पाकर मालिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
दरअसल, मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन धमतरी पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड अभियान ने लोगों को बड़ी राहत दी है। अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से विभिन्न स्थानों से 151 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

स्थानीय पुलिस लाइन के कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर, एसपी और महापौर ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने और साइबर पोर्टल का उपयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया। 151 गुम मोबाइलों की बरामदगी और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की इस पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीक और सतत प्रयासों के जरिए लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

