धनबाद। झारखंड के धनबाद से केरल जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस का विस्तार अब केरल की राजधानी तिरुअनंतपुरम नॉर्थ तक किया जाएगा। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद ढुलू महतो को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। पत्र के अनुसार, ट्रेन के विस्तार को मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
धनबाद से तिरुअनंतपुरम तक जाने वाली पहली ट्रेन होगी
धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के विस्तार के बाद यह धनबाद से तिरुअनंतपुरम तक सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने वाली पहली ट्रेन होगी। इससे झारखंड और केरल के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले केरल भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रेन के विस्तार की जानकारी साझा की थी। अब रेलमंत्री के पत्र के बाद इस फैसले को आधिकारिक मंजूरी मिलने की पुष्टि हुई है। हालांकि, ट्रेन के विस्तार की प्रभावी तारीख और नया परिचालन कार्यक्रम अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगा।
85 स्टेशनों पर ठहरती है धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस
धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस करीब 2,530 किलोमीटर की दूरी तय करती है और रास्ते में लगभग 85 स्टेशनों पर ठहरती है। ट्रेन के तिरुअनंतपुरम तक विस्तार के फैसले का स्वागत करते हुए धनबाद के ट्रेन ग्रुप ने रेलमंत्री और सांसद से इसके ठहराव की समीक्षा करने की सिफारिश की है।
अनावश्यक ठहराव कम करने की मांग
ट्रेन ग्रुप के सदस्यों का कहना है कि अनावश्यक ठहराव कम किए जाने से यात्रा का समय घट सकता है। इससे ट्रेन की समयपालन क्षमता बेहतर होने और परिचालन में सुधार आने की भी उम्मीद है। ग्रुप ने ट्रेन के विस्तार के फैसले का स्वागत करते हुए रेलमंत्री और सांसद से इस सुझाव पर विचार करने का आग्रह किया है।
अब यात्रियों की नजर आधिकारिक अधिसूचना पर है, जिसमें विस्तार लागू होने की तारीख और ट्रेन के नए परिचालन विवरण सामने आने की संभावना है।

