धनबाद। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर अब धनबाद में भी झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) डिजिटल पहल की ओर बढ़ रहा है। शहर और आसपास के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिजली कटौती, फॉल्ट, मरम्मत कार्य और शटडाउन की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जल्द ही उन्हें WhatsApp Broadcast Group के जरिए बिजली आपूर्ति से जुड़ी अहम जानकारी सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी।

WhatsApp पर मिलेगी बिजली कटौती की जानकारी

जेबीवीएनएल धनबाद अंचल में जल्द ही WhatsApp Broadcast Group सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इस सेवा के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पहले ही जानकारी मिल जाएगी कि किस इलाके में बिजली कब बंद होगी और आपूर्ति कब बहाल होने की संभावना है।

फिलहाल इस सेवा का ट्रायल रांची डिवीजन के पांच प्रमंडलों में शुरू किया गया है। ट्रायल सफल होने के बाद इसे धनबाद समेत राज्य के अन्य सभी प्रमंडलों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

फीडर में खराबी से लेकर शटडाउन तक की मिलेगी सूचना

बिजली विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि धनबाद डिवीजन स्तर पर WhatsApp Broadcast Group तैयार किया जा रहा है। उपभोक्ता संबंधित कार्यपालक अभियंता और अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए माध्यम से इस सेवा से जुड़ सकेंगे।

किसी फीडर में तकनीकी खराबी, फ्यूज ऑफ, मेंटेनेंस वर्क या बड़े शटडाउन की स्थिति में अधिकारी तत्काल ग्रुप के माध्यम से सूचना साझा करेंगे। इससे संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी समय पर मिल सकेगी।

पौने तीन लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को होगा फायदा

जीएम के अनुसार, इस डिजिटल सेवा के शुरू होने से धनबाद विद्युत अंचल के तहत विभिन्न श्रेणियों के करीब पौने तीन लाख से अधिक पंजीकृत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। अचानक बिजली कटौती की स्थिति में उपभोक्ताओं को पहले से जानकारी मिल सकेगी, जिससे वे अपने जरूरी काम की योजना बना सकेंगे और बिजली बंद रहने के दौरान होने वाली परेशानी को कम किया जा सकेगा।

छत्तीसगढ़ की तर्ज पर डिजिटल पहल

JBVNL की यह पहल बिजली उपभोक्ताओं तक सूचना पहुंचाने की व्यवस्था को और तेज एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ट्रायल के बाद सेवा को अन्य क्षेत्रों में लागू किए जाने से बिजली कटौती और शटडाउन से जुड़ी जानकारी के लिए उपभोक्ताओं की अधिकारियों पर निर्भरता भी कम होगी।