धनबाद। मिलावटी पनीर के कारोबार की सूचना पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने धनबाद में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शहर के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर करीब 1400 किलोग्राम पनीर जब्त किया। कार्रवाई के बाद पनीर के भंडारण और बिक्री से जुड़े तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है।
आधे घंटे के भीतर चार जगहों पर पहुंची टीम
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार के मुताबिक, पनीर के भंडारण और बिक्री की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। इसके बाद टीम ने महज आधे घंटे के भीतर चार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान बड़ी मात्रा में पनीर बरामद हुआ, जिसे जब्त कर थाने ले जाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मिले पनीर को प्रथम दृष्टया मिलावटी बताया है। हालांकि, पनीर में किस तरह की मिलावट थी और इसकी गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।
बिहार के बख्तियारपुर से सप्लाई होने की जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में अधिकारियों को जानकारी मिली है कि जब्त पनीर की आपूर्ति बिहार के बख्तियारपुर से की जा रही थी। हालांकि, पनीर वास्तव में कहां तैयार होता था, सप्लाई करने वाला कौन है और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
फूड सेफ्टी विभाग अब पनीर की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रहा है।
जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए तीन लोगों से पूछताछ जारी है। जब्त पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी विभाग की इस कार्रवाई के बाद मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

