धनबाद। दुर्गापूजा के बाद वापसी की भीड़ और अब दिवाली-छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए राहत की घोषणा की है। धनबाद होकर कोलकाता से जयपुर के खातीपुरा के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में निर्धारित अवधि तक संचालित होगी और धनबाद, गोमो समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
खातीपुरा से बुधवार, कोलकाता से शुक्रवार चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, 09709 खातीपुरा-कोलकाता स्पेशल 28 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। यह ट्रेन खातीपुरा से दोपहर 3:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:50 बजे गोमो, शाम 4 बजे धनबाद होते हुए रात 10:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वहीं, 09710 कोलकाता-खातीपुरा स्पेशल 30 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन कोलकाता से रात 12:30 बजे रवाना होगी। सुबह 6:25 बजे धनबाद, 7 बजे गोमो पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
ट्रेन में होंगे 22 कोच
स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 स्लीपर, 13 थर्ड एसी, 3 सेकंड एसी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
कोलकाता-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन का दोनों दिशाओं में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है। इनमें नैहाटी, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा शामिल हैं।
दिवाली-छठ की भीड़ में यात्रियों को मिलेगी राहत
त्योहारी सीजन में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों में बढ़ रही भीड़ और वेटिंग लिस्ट के बीच यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलने की उम्मीद है।

