लखनऊ में राज्यसभा चुनाव के बीच सपा प्रत्याशी धनराज परिमल नाथवानी ने पीएम नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा की तारीफ की है. भाजपा ने कहा कि नाथवानी ने दिमाग से नहीं बल्कि दिल से प्रधानमंत्री की प्रशंसा की है.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धनराज परिमल नाथवानी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है. नाथवानी ने प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए उनकी प्रशंसा की है. राज्यसभा चुनाव के नतीजे शुक्रवार को आने हैं.

नाथवानी ने क्या लिखा

धनराज परिमल नाथवानी ने सोशल मीडिया पोस्ट में नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद मोदी ने गुजरात की सेवा से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व करने तक लंबी यात्रा तय की है.

नाथवानी ने अपने पोस्ट में बदलते समय और लगातार सामने आई चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री मोदी के विश्वास, दृढ़ता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया. उन्होंने नरेंद्र मोदी को राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर शक्ति और सफलता की शुभकामनाएं दीं.

भाजपा ने दी प्रतिक्रिया

नाथवानी की टिप्पणी पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राकेश त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक कार्यकाल की समीक्षा करने वाला कोई भी व्यक्ति उनकी प्रशंसा किए बिना नहीं रह सकता.

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन वर्षों में विशेष रूप से गरीबों के जीवन में बड़े बदलाव लाए हैं और देश के साथ दुनिया के कई राष्ट्राध्यक्ष भी इसकी प्रशंसा करते हैं.

‘दिल की सुन रहे नाथवानी’

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नाथवानी ने भी प्रधानमंत्री की प्रशंसा की है, तो इसे लेकर हंगामा नहीं होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मन ही मन प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हैं, लेकिन राजनीतिक मजबूरियों के कारण इसे जाहिर नहीं कर पाते.

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि धनराज परिमल नाथवानी अभी राजनीति में नए हैं, इसलिए वह दिमाग की जगह दिल की सुन रहे हैं. राज्यसभा चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित होने हैं.