रेणु अग्रवाल, धार/बदनावर। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में दबंगों और असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। महू-नीमच फोरलेन स्थित छो कलां टोल प्लाजा पर रविवार देर रात महिंद्रा थार सवार युवकों ने केवल बैरियर हटाने की मामूली बात को लेकर टोल कर्मचारियों पर हमला बोल दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस पूरी गुंडागर्दी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

बैरियर हटाने को लेकर विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। बोराली स्थित टोल प्लाजा पर एक महिंद्रा थार गाड़ी पहुंची। बैरियर उठाने में हुई जरा सी देर पर कार चालक और उसके साथी का पारा चढ़ गया। उन्होंने वहां तैनात टोल कर्मचारियों से अभद्रता और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने टोल कर्मचारियों रूपेश टांक और शिजो जॉन पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट की शुरुआत के कुछ ही देर में आरोपियों के दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी दोनों कर्मचारियों के साथ जमकर हाथपाई की। जब आसपास के अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी उन्हें जान से खत्म करने की खुली धमकी देते हुए अपनी गाड़ी से मौके से फरार हो गए। इस हमले में टोल कर्मचारी रूपेश टांक और शिजो जॉन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी रूपेश टांक की रिपोर्ट पर कानवन थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। कानवन थाने के थाना प्रभारी ) ने बताया कि फरियादी की शिकायत के आधार पर दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों  के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m