रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी धार जिले के बरमण्डल पहुँचे, जहाँ उन्होंने हाल ही में शहीद हुए टीआई दिलीप पुरी के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

बिना संरक्षण के संभव नहीं अवैध शराब का कारोबार- पटवारी 

शहीद टीआई के घर सांत्वना देने पहुँचे जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार बिना प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण के संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा कि इस अपराध की जड़ पर प्रहार करने के लिए सरकार को अवैध शराब का संरक्षण देना और माफियाओं की रक्षा करना तुरंत बंद करना चाहिए। मध्यप्रदेश की जनता सब जानती है और यह भली-भांति समझती है कि सरकार के सहयोग के बिना इस तरह के गंभीर अपराध नहीं हो सकते।

पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा मुफ्त करने की मांग

जीतू पटवारी ने इस दौरान एक बड़ी मांग रखते हुए कहा कि पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह से निशुल्क की जानी चाहिए। इसे उन्होंने दिवंगत दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों की तकलीफें कम होंगी और विभाग में करप्शन तथा अपराध पर भी प्रभावी लगाम लगेगी।

विश्वास सारंग के बयानों पर किया पलटवार

मंत्री विश्वास सारंग के बयानों और आरोपों पर पलटवार करते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि वे पिछले 25 साल से सरकार में मंत्री हैं। यदि व्यवस्था में कुछ गड़बड़ है, तो इतने सालों से क्या वे झांझ-मजीरे बजा रहे थे या सरकार की जगह सर्कस चला रहे थे? उन्होंने कहा कि यदि आपराधिक घटनाएं घट रही हैं, तो अपराधी पकड़े क्यों नहीं जा रहे और दोषियों को अभी तक सजा क्यों नहीं मिली?

मंत्रियों पर कटाक्ष करते हुए पटवारी ने आगे कहा कि यदि उनके पास कोई इनपुट या आउटपुट है, तो वे तुरंत कार्रवाई करें क्योंकि उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। यदि सोचने-समझने में कोई दिक्कत है, तो वे उन्हें अस्पताल ले जाकर उनका इलाज कराने को भी तैयार हैं, लेकिन जनता को गुमराह करने की बजाय सरकार को अपनी नाकामी स्वीकार कर ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं, आरोपी राहुल जायसवाल के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी ने यूथ कांग्रेस के ऐसे सदस्यों को पहले ही हटा दिया है, कोई भी व्यक्ति जानकारी निकाल सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m