रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, डही में छात्राओं के साथ अभद्रता और प्रताड़ना के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े रुख के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। हाल ही में छात्रावास की मासूम छात्राएं रोते हुए डही थाने पहुंची थीं और वार्डन तथा उनके पति के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सीधे धार कलेक्टर से रिपोर्ट तलब की, जिसके बाद गाज गिरना तय हो गया।

ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम प्यार का खौफनाक अंत: भांजी से फोन कराकर बुलाया, मामा ने पत्थरों से कुचलकर उतारा मौत के घाट

कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, वार्डन से खाली कराया गया शासकीय आवास

मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर द्वारा त्वरित और कठोर कार्रवाई की गई। मॉडल स्कूल धार की उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं डही कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की वार्डन अनीता भिड़े को तत्काल प्रभाव से वार्डन के प्रभार से हटा दिया गया है। साथ ही उनसे शासकीय आवास भी तुरंत खाली करा लिया गया है।

वार्डन के पति और अतिथि शिक्षक सरदारसिंह पिपलाज बर्खास्त

जांच में अनुशासनहीनता और प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर वार्डन के पति व अतिथि शिक्षक सरदारसिंह पिपलाज की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं छात्रावास की व्यवस्थाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक शिक्षक श्रीमती लीला ओहरिया को छात्रावास की नई प्रभारी अधीक्षिका की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड में 20 मौतें, मंत्री राजपूत बोले- 3 दिन में खातों में पहुंचेगा मुआवजा

अफसरों ने सीधे छात्राओं से किया संवाद

प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने डही स्थित छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। टीम ने सीधे छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं, भोजन, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासकीय बालिका छात्रावासों में बालिकाओं की सुरक्षा और गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m