शब्बीर अहमद, भोपाल। सागर के बंडा क्षेत्र में हुए जहरीली शराब कांड में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 20 पहुंच गया है। इसकी पुष्टि मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने की है। लगातार बढ़ रही मौतों के बीच मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और इलाज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। उनका दावा है कि तीन दिन के भीतर मृतकों के बैंक खातों में मुआवजे की राशि पहुंचा दी जाएगी।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भरोसा दिलाया कि मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, जहरीली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई भी लगातार जारी है। इधर, मामले ने सियासी रंग भी ले लिया है। विपक्ष के हमलों पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा।
ये भी पढ़ें: जहरीली शराब कांड के आरोपी की शादी में डांस करते नजर आए PCC चीफ जीतू पटवारी? सोशल मीडिया पर फोटो वायरल
जीतू पटवारी को लेकर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष होने के बावजूद उनमें अभी बचपना है। वहीं दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता और “बिना शहद के छत्ते” जैसी टिप्पणी की। फिलहाल 20 मौतों के बाद सरकार के सामने पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने और दोषियों पर कार्रवाई की बड़ी चुनौती है। मंत्री ने तीन दिन में मुआवजा पहुंचाने का दावा किया है। अब देखना होगा कि यह दावा कितनी जल्दी जमीन पर उतरता है।
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, हथियार-जिंदा कारतूस बरामद
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



