रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में शराब माफिया की गुंडागर्दी और दबंगई का मामला सामने आया है। यहां शराब तस्करों ने मुखबिरी के शक में एक युवक को उसके घर के पास से अपहरण कर लिया और करीब 4 घंटे तक गाड़ी में घुमाते रहे, यही नहीं बदमाशों ने लोहे की रॉड व प्सास्टिक के पाइपों से बेरहमी से पिटाई भी की। वहीं जब उन्हें इस बात की भनक लगी की मामले को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है तो पीड़ित को धामनोद थाने के सामने छोड़कर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: खाकी की ‘खातिरदारी’: हथकड़ी लगे आरोपी को परोसा गया ‘VIP ट्रीटमेंट’, सिगरेट के कश लगाते और फोन पर बतियाते नजर आए साहब!

घर के पीछे से उठाया, मोबाइल और जेवर भी लूटे

धामनोद थाना क्षेत्र के साला पुनर्वास के रहने वाले पीड़ित दुलीचंद जगदाले ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह इंदौर से लौटकर अपने घर पर सो रहा था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह नहाकर घर के पीछे दोस्तों के साथ बैठा था, तभी ठेकेदार की एक बोलेरो गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी में 15 से 20 लोग सवार थे जो बिना कुछ कहे उसे जबरन खींचकर गाड़ी में बैठा ले गए।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले उसका मोबाइल फोन छीन लिया, फिर उसकी दो अंगूठी, गले की चैन और पर्स भी लूट लिया। इस पूरी घटना में दूधी का अमित बंजारा, महेश्वर का राजू सरकारी, धामनोद बाईपास वाइन शॉप का सेल्समैन राहुल, रोहित, सुनील और अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

कैमरे बंद कर दुकान में दी यातनाएं, वीडियो कॉल पर मिला आदेश

दुलीचंद ने आरोप लगाया कि उसे पहले गुलझरा वाइन शॉप ले जाया गया, जहां अंदर ले जाकर दुकान के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए। इसके बाद उसे महेश्वर रोड, सहस्त्रधारा रोड और मंडी रोड होते हुए फिर से पुनर्वास क्षेत्र में घुमाया गया। इस दौरान आरोपियों ने उसे लोहे की रॉड और प्लास्टिक के पाइपों से जमकर पीटा। हद तो तब हो गई जब राजू सरकारी के साले ने उस पर चाकू अड़ा दिया।

बीच रास्ते में आरोपियों ने खलघाट के प्रद्युम्न जायसवाल से वीडियो कॉल पर बात की, जिसने फोन पर ही आदेश दिया कि ‘इसे मारो, ये मुखबिरी करता है।‘ शराब माफिया को शक था कि दुलीचंद उनकी अवैध शराब की गाड़ियों की मुखबिरी पुलिस को करता है।

थाने में गुहार लगाती रही पत्नी, पुलिस करती रही लोकेशन ट्रेस

इधर पति के अपहरण की खबर मिलते ही पीड़ित की पत्नी रीना जगदाले तुरंत धामनोद थाने पहुंची। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पति घर पर ही था और किसी तरह की कोई मुखबिरी नहीं करता है। रीना थाने में न्याय की गुहार लगाती रहीं और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग करती रहीं जबकि पुलिस अधिकारी पीड़ित की लोकेशन ट्रेस करने में जुटे रहे।

ये भी पढ़ें: राजस्व टीम पर जानलेवा हमलाः RI का पैर फ्रैक्चर और पटवारी का सिर फूटा, 20 लोगों पर एफआईआर

पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और कार्रवाई के डर से आखिरकार बदमाशों ने पीड़ित दुलीचंद को धामनोद थाने के सामने ही गाड़ी से नीचे फेंका और भाग निकले। पीड़ित के चेहरे, पीठ, कमर और पैरों पर मारपीट के गंभीर निशान हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार ने धामनोद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m