रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के जश्न के बीच धार जिले के धरमपुरी से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मनाक खबर सामने आई है। धरमपुरी के आदिम जाति जूनियर कन्या छात्रावास में उस वक्त भारी हंगामा मच गया, जब वहां रंगोली बना रही अधीक्षिका और छात्राओं के साथ महिला बाल विकास विभाग की प्रभारी CDPO ने कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: एमपी स्थापना दिवस पर खुद को नहीं रोक पाईं मंत्री संपतिया उइके, साड़ी पहनकर बच्चों के साथ किया डांस; महिलाओं संग कबड्डी भी खेली
रंगोली बनाने के दौरान अचानक हॉस्टल पहुंचीं प्रभारी CDPO
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर छात्रावास की नन्हीं बालिकाएं और अधीक्षिका परिसर में रंगोली बनाकर उत्सव मना रही थीं। इसी दौरान महिला बाल विकास विभाग की प्रभारी CDPO राजकुमारी ठाकुर अचानक छात्रावास परिसर में आ धमकीं। प्रत्यक्षदर्शियों और अधीक्षिका के अनुसार, उनका किसी बात को लेकर अधीक्षिका कला चौहान से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान छात्रावास में मौजूद बालिकाओं के साथ भी मारपीट किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें: फैक्ट्रियों के रासायनिक पानी से मैली हो रही मां नर्मदा: ग्रामीणों का दावा- कालियादेह नदी के रास्ते नर्मदा तक पहुंच रहा दूषित पानी
डरी-सहमी थाने पहुंचीं अधीक्षिका और छात्राएं
इस हंगामे और मारपीट की घटना के बाद छात्रावास अधीक्षिका कला चौहान और हॉस्टल की तमाम बालिकाएं बेहद डरी और सहमी हुई हालत में सीधे धरमपुरी थाने पहुंच गईं। पुलिस थाने में रो-रोकर आपबीती बताते हुए उन्होंने प्रभारी CDPO के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल, पुलिस ने अधीक्षिका की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

