रेणु अग्रवाल, Dhar. मध्य प्रदेश के धार जिले के लबरा वदा स्थित एकलव्य आदर्श शासकीय आवासीय विद्यालय से सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन की धज्जियां उड़ाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आयै है। यहां शनिवार की आधी रात को जो कुछ भी हुआ उसने हॉस्टल प्रशासन, सुरक्षा गार्ड और मॉनिटिरिंग सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। कक्षा 10वीं और 11वीं के छात्र आधी रात को तीन मंजिला हॉस्टल की लोहे की जाली काटकर 40 फीट नीचे उतरे और 10 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल फांदकर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: ‘मौत के साए’ में पढ़ने को मजबूर मासूम: पिछले साल फैला था करंट, जर्जर स्कूल के खौफ से आधे बच्चों ने बनाई दूरी

जब इस घटना के पीछे की वजह सामने आई तो स्कूल प्रबंधन के पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि छात्र आधी रात हाईवे पर शराब की तलाश में निकले थे। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने सभी 6 छात्रों को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर टीसी थमा दिया है।

चप्पल में लगे कीचड़ और CCTV ने खोला राज

छात्रों ने इस पूरी वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया था कि ढाई से तीन घंटे तक बाहर रहने और वापस लौट आने के बाद भी किसी को भनक तक नहीं लगी। लेकिन वार्डन और स्टाफ को शक तब हुआ जब उन्होंने छात्रों की चप्पलों पर ताजा कीचड़ लगा देखा।

संदेह के आधार पर जब हॉस्टल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले गए तो पूरी कहानी सामने आ गई। छात्र रात के सन्नाटे में हॉस्टल से चुपचाप बाहर जाते और दीवार फांदते हुए साफ नजर आए।

जिसके बाद जब प्रबंधन ने सख्ती से पूछताछ की तो छात्रों ने कबूल किया कि वे डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलकर हाईवे इलाके में सिर्फ इसलिए गए थे ताकि शराब का इंतजाम कर सकें।

सीनियर छात्रों पर बेल्ट से पीटने का आरोप, 3 सस्पेंड

इस पूरे घटनाक्रम में एक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब निष्कासित छात्रों ने हॉस्टल के सीनियर छात्रों पर गंभीर आरोप मढ़े। छात्रों का कहना था कि सीनियर छात्र उनके साथ बेल्ट से मारपीट करते थे। इस रैगिंग और मारपीट के आरोप पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने आरोपी 3 सीनियर छात्रों को भी 3 दिन के लिए छात्रावास से निलंबित कर दिया है।

बड़ा सवाल: अगर 40 फीट ऊपर से गिर जाते, तो जिम्मेदारी किसकी?

यह घटना सिर्फ अनुशासनहीनता की नहीं, बल्कि सीधे-सीधे मौत को बुलावा देने जैसी थी। तीन मंजिला इमारत की जाली काटकर 40 फीट की ऊंचाई से बिना किसी सुरक्षा के नीचे उतरना और फिर 10 फीट ऊंची नुकीली दीवार को फांदना बेहद आत्मघाती था।

ये भी पढ़ें: अन्नदाताओं से धोखाधड़ी: 6 गांवों के 31 किसानों से 80 लाख की ठगी, खाली खाते का चेक थमाकर फरार हुए व्यापारी

अगर इस दौरान किसी बच्चे का पैर फिसल जाता, या हाईवे पर रात के अंधेरे में कोई बड़ी दुर्घटना हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता? क्या हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड और वार्डन रात में चादर तानकर सो रहे थे?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m