रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश के धार में मुहर्रम पर मुस्लिम समाज द्वारा निकाले जा रहे पारंपरिक अखाड़े और ताजिया इस वर्ष विरोध स्वरूप नहीं निकाले जाएंगे। यह पहली बार हो रहा है जब धार में अखाड़ों और ताजिए का कारवां नहीं निकलेगा। यह सामूहिक निर्णय स्वयं मुस्लिम समाज और अखाड़ा कमेटियों द्वारा लिया गया है।

इमामबाड़ा सील होने से आहत है समाज

मुरादपुर में विभिन्न अखाड़ों के खलीफा और समाजजन एकत्रित हुए, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान अपनी बात रखी। अखाड़े के खलीफाओं ने बताया कि मुस्लिम समाज की गहरी आस्था इमामबाड़े से जुड़ी हुई है। परंपरा के अनुसार, शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकलने वाले सभी अखाड़े और ताजिया अंत में इमामबाड़े पर इकट्ठा होते हैं और वहां सलामी दी जाती है। परंतु, कतिपय (विशिष्ट) कारणों से वर्तमान में इमामबाड़ा प्रशासन द्वारा सील किया हुआ है। इसी के विरोध में अखाड़ा संचालकों, ताजिया कमेटी और मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध जनों ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है कि जब तक इमामबाड़ा नहीं खुलता, तब तक शहर में न तो अखाड़े निकाले जाएंगे और न ही ताजिया उठाए जाएंगे।

शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराएंगे विरोध

विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं ने मीडिया को स्पष्ट किया कि समाज का यह विरोध पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगा। कानून-व्यवस्था या शांति भंग करने का समाज का कोई इरादा नहीं है, बल्कि यह आस्था के केंद्र को बंद किए जाने के खिलाफ एक मौन और शांतिपूर्ण आपत्ति है।

उज्जैन में संवेदनशील इलाकों से गुजरा मार्च

प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) आलोक शर्मा के निर्देशन में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में विभिन्न नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। मार्च महाकाल थाना क्षेत्र से शुरू होकर बेगमबाग, नलिया बाखल, उपकेश्वर, तोपखाना, दौलतगंज, नई सड़क, केडी गेट, गोपाल मंदिर, गुदरी चौराहा, कसाईवाड़ा और कोट मोहल्ला सहित कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों तथा गणमान्य लोगों से मुलाकात कर मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।

खलीफा

Weather Update: एमपी में मानसून की एंट्री होते ही झमाझम बारिश, 46 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

आलोक शर्मा, एडिशनल एसपी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m