रेणु अग्रवाल, धार। जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खलघाट-मनावर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 1 महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है।

ये भी पढ़ें: आगर मालवा: सोयतकला में दर्दनाक हादसा, ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे विद्युत कर्मी की करंट लगने से मौत

हटनावर फाटे के समीप हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा धरमपुरी थाना क्षेत्र के हटनावर फाटे के समीप घटित हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

दुर्घटना को देख राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवता दिखाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपनी गाड़ियों की मदद से घायल महिला और तीनों मृतकों के शवों को धरमपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

ये भी पढ़ें: 82 प्राइवेट कॉलेजों पर हाई कोर्ट सख्त, राज्य सरकार और बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी को नोटिस जारी

जांच में जुटी पुलिस, शिनाख्त की कोशिश जारी

हादसे की भयावहता की सूचना मिलते ही धरमपुरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। दोनों अज्ञात मृतकों के शवों को अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है और उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। धरमपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m