लवकुश बैरागी, आगर मालवा। सोयतकला क्षेत्र के बराई गांव में विद्युत लाइनों के मरम्मत कार्य के दौरान एक आउटसोर्सिंग विद्युत कर्मी की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने विद्युत विभाग पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है जिसके चलते यह हादसा हुआ।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली का पूरे MP में डंका: पैक्स नवीन सदस्यता अभियान में जिला सहकारी बैंक आया नंबर-1, ऋण वसूली में भी रीवा संभाग में टॉप

परमिट लेकर कर रहा था मरम्मत कार्य

पुलिस और विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक विद्युत कर्मी बराई गांव में एक ट्रांसफार्मर पर मरम्मत का कार्य कर रहा था। काम शुरू करने से पहले उसने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से विद्युत सप्लाई बंद करने का औपचारिक परमिट लिया था।

परमिट मिलने के बाद वह निश्चिंत होकर खंभे पर चढ़ा और ट्रांसफार्मर पर काम करने लगा। इसी दौरान, कथित तौर पर बिना किसी पूर्व सूचना या परमिट की अवधि समाप्त हुए बिना, विद्युत सप्लाई अचानक से चालू कर दी गई।

सप्लाई चालू होते ही झुलसा कर्मी

जैसे ही विद्युत सप्लाई चालू हुई खंभे पर काम कर रहा कर्मी उच्च शक्ति वाले विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। बिजली का एक जोरदार झटका लगने के कारण वह मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई। कुछ देर तक उसका शव खंभे पर ही लटका रहा, जिसे देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों का आरोप: ‘विभाग की लापरवाही से गई जान’

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे एक ‘साजिश’ और ‘विभागीय लापरवाही’ बताया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब परमिट लिया गया था तो सप्लाई किस आधार पर चालू की गई? क्या परमिट जारी करने वाले और सप्लाई कंट्रोल करने वाले अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी थी? उन्होंने लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है।

ये भी पढ़ें: मंदिरों की जमीन को लेकर सरकार और पुजारियों में आर-पार, हनुमान टेकरी पर परिवार सहित सत्याग्रह पर बैठे सैकड़ों पुजारी

मौके पर पुलिस और विद्युत विभाग के आलाधिकारी

हादसे की खबर मिलते ही आगर मालवा जिला पुलिस और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत बराई गांव पहुंचे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और उन्हें न्याय का आश्वासन दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m