सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। जिले ने सहकारिता के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिला सहकारी बैंक के माध्यम से चलाए गए पैक्स नवीन सदस्यता अभियान में सिंगरौली जिला पूरे मध्य प्रदेश में नंबर वन स्थान पर आया है। इसके साथ ही खरीफ और रबी फसल ऋण की वसूली के मामले में भी सिंगरौली ने रीवा संभाग में बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

ये भी पढ़े: 82 प्राइवेट कॉलेजों पर हाई कोर्ट सख्त, राज्य सरकार और बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी को नोटिस जारी

बदली किसानों की सोच: समय पर कर रहे हैं कर्ज की अदायगी

मध्यप्रदेश में जिला सहकारी बैंकों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के जरिए किसानों को खेती-किसानी के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार की इस योजना का लाभ अब किसानों को सही मायने में मिल रहा है।

पहले जहां कई किसान समय पर बैंक का कर्ज अदा नहीं कर पाने के कारण डिफाल्टर हो जाते थे, वहीं अब जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रयासों से किसानों की सोच में बड़ा बदलाव आया है। जागरूकता अभियानों के माध्यम से किसानों को समझाया गया कि समय पर ऋण चुकाने से उन्हें आगे भी बिना ब्याज के खाद, बीज और नगद लोन की सुविधा मिलती रहेगी। नतीजा यह है कि अब किसान खुद आगे आकर समय पर लोन चुकता कर रहे हैं।

आंकड़ों में सिंगरौली की बड़ी कामयाबी

जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी गुंजारी लाल तिवारी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि सिंगरौली जिले ने पैक्स नवीन सदस्यता अभियान के तहत रिकॉर्ड 10,058 नए सदस्य बनाए हैं, जो पूरे मध्य प्रदेश में सबसे अधिक है।

जिला सहकारी बैंक ने खरीफ सीजन के लोन की 98.89 प्रतिशत रिकॉर्ड वसूली की है। रबी सीजन के फसल ऋण की वसूली का आंकड़ा भी 96.16 प्रतिशत रहा। इन दोनों ही सीजनों की ऋण वसूली में सिंगरौली जिला पूरे रीवा संभाग में सबसे आगे रहा है।

ये भी पढ़ें: मंदिरों की जमीन को लेकर सरकार और पुजारियों में आर-पार, हनुमान टेकरी पर परिवार सहित सत्याग्रह पर बैठे सैकड़ों पुजारी

कलेक्टर गौरव बैनल की मॉनिटरिंग और टीम वर्क का नतीजा

इस बड़ी सफलता के पीछे सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल की लगातार की जा रही मॉनिटरिंग और जमीनी स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता रही है। बैंक और सहकारिता विभाग की टीमें लगातार किसानों के बीच जाकर उन्हें समय पर लोन जमा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। सिंगरौली जिले को मिली इस बड़ी कामयाबी पर जिला सहकारिता अधिकारी पी.के. मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी और गोदाम मार्कफेड प्रभारी महेंद्र पांडेय समेत तमाम अधिकारियों और कर्मचारी संघों ने हर्ष और प्रसन्नता व्यक्त की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m