रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार की सरदारपुर पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 9 साल की लापता बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।

3 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर को बच्ची की मां ने पुलिस में रिपोर्ट कराई थी कि उसकी बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। नाबालिग के लापता होने से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल जांच और खोजबीन शुरू की।

खेतों, झाड़ियों और माही नदी के तटों पर चलाया सर्च अभियान

बच्ची की तलाश के लिए SP सचिन शर्मा के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने संभावित क्षेत्रों, सुनसान स्थानों, खेतों, झाड़ियों तथा माही नदी के तटीय इलाकों में सघन चेकिंग और सर्च अभियान चलाया। इसके साथ ही सरदारपुर और राजगढ़ सहित आसपास के अन्य थानों की पुलिस टीमों ने आपस में बेहतर तालमेल और कोऑर्डिनेशन बनाकर बच्ची की तलाश की, जिसके परिणामस्वरूप बालिका को सकुशल ढूंढ निकाला गया।

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि पुलिस टीम की सजगता और त्वरित कार्रवाई से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m