रेणु अग्रवाल, धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन के तुर्कबगड़ी बायपास जेतपुरा वेयर हाउस के आगे शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सड़क के नीचे बने नाले में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

महिला का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। जांच के दौरान महिला के गले पर कपड़ा बंधा मिला, जबकि सिर पर भी चोट के निशान दिखाई दिए। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी सबूत इकट्ठे किए।

पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ही मृतिका की पहचान की कोशिश की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला घटनास्थल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m