दिल्ली की जिला अदालतों में पिछले तीन दिनों से जारी वकीलों की हड़ताल समाप्त हो गई है। असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) गांधी नगर और शाहदरा के एसएचओ (SHO) के तबादले के बाद वकीलों ने अपना आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है। हड़ताल खत्म होने से जिला अदालतों में कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है। दरअसल, दिल्ली की विभिन्न जिला अदालतों में वकील पिछले तीन दिनों से दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हड़ताल पर थे। वकीलों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी। अब ACP गांधी नगर और SHO शाहदरा के तबादले के बाद वकीलों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है।

ACP पर रिवॉल्वर दिखाने का आरोप

दरअसल, वकीलों ने आरोप लगाया था कि ACP मनस्वी वशिष्ठ ने अपने एक साथी पर हमले के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे वकीलों को अपनी रिवॉल्वर दिखाई थी। इस घटना को लेकर वकीलों में नाराजगी थी और वे संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी मांग को लेकर दिल्ली की जिला अदालतों में वकील पिछले तीन दिनों से न्यायिक कार्य से दूर थे। हड़ताल के कारण अदालतों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका थी। विवाद को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के प्रतिनिधियों के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसके बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ और SHO शाहदरा के तबादले के मद्देनजर वकीलों के संगठन ने अदालतों के काम से अपनी गैरहाजिरी वापस लेने का निर्णय लिया।

पुराने पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को ITO स्थित पुराने पुलिस मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें दिल्ली पुलिस के तीन जॉइंट कमिश्नर, डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के चेयरमैन नितिन अहलावत, कमेटी चेयरमैन नीरज और कोऑर्डिनेटर विजय बिश्रोई भी मौजूद रहे। इसके अलावा द्वारका डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीश राणा, शाहदरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीके सिंह और सचिव नरवीर डबास ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में वकीलों की मांगों और जारी गतिरोध को समाप्त करने के मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक के बाद संबंधित कमेटी ने बुधवार शाम सर्कुलर जारी कर अदालतों के काम से गैरहाजिरी वापस लेने की घोषणा की। इसके साथ ही गुरुवार से न्यायिक कार्य दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया।

दिल्ली पुलिस ने ACP मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया है। ACP मनस्वी वशिष्ठ को SDPO, गांधी नगर (शाहदरा) से SPUWAC में भेजा गया है, जबकि इंस्पेक्टर अरुण कुमार को सिक्योरिटी, दिल्ली पुलिस में ट्रांसफर किया गया है। इसके बाद बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (BCD) से जुड़ी कोऑर्डिनेशन कमेटी ने अदालतों के काम से अपनी अनिश्चितकालीन गैरहाजिरी तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया।

सर्कुलर में तबादले और सहमति का जिक्र

कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से बुधवार शाम जारी सर्कुलर में कहा गया कि संबंधित अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग के आदेश जारी होने के साथ ही बैठक में बनी सहमति के अनुरूप हुई प्रगति को देखते हुए कोर्ट के काम से दूर रहने का फैसला वापस लिया जाता है। इस फैसले के बाद गुरुवार से दिल्ली की जिला अदालतों में न्यायिक कार्य दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। सर्कुलर के मुताबिक, बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि शाहदरा बार एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायतों की जांच दो महीने के भीतर पूरी की जाएगी। इसके अलावा, शाहदरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में नामजद वकीलों पर हमले के आरोपियों को पकड़ने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने पर भी सहमति बनी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m