कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में दिव्यांग खिलाड़ी राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे खिलाड़ी का कहना है कि अगर दिव्यांगों के सपने ही टूट जाएंगे तो फिर उन्हें आगे बढ़ने का संबल कैसे मिलेगा। खिलाड़ी का कहना है कि आर्थिक सहायता के लिए पिछले एक महीने से लगातार आवेदन किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक मदद के नाम पर सिर्फ शासन को पत्राचार करने का आश्वासन मिल रहा है। आज वह जनसुनवाई में भी अपनी फरियाद लेकर पहुंचा।
फरियाद राजेश शर्मा दोनों पैर से दिव्यांग है। उसे थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। लेकिन प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आर्थिक सहायता उनके सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी आर्थिक मदद की मांग को लेकर राजेश शर्मा ने कलेक्टर से लेकर संबंधित विभागों तक कई आवेदन दिए हैं।
राजेश शर्मा के आवेदन के मुताबिक, उन्होंने 7 जुलाई 2026 को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को आर्थिक सहायता के लिए पहला आवेदन दिया था,इसके बाद 20 जुलाई को व्हीलचेयर रग्बी एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश की ओर से वित्तीय सहायता के लिए अनुशंसा पत्र दिया गया। बीती 27 जुलाई को ही शीघ्र कार्रवाई के लिए स्मरण पत्र दिया गया और फिर 30 जुलाई को राज्य दिव्यांग निधि के तहत आर्थिक सहायता के लिए कलेक्टर को आवेदन सौंपा गया, लेकिन खिलाड़ी राजेश का कहना है कि तमाम आवेदन और स्मरण पत्र देने के बावजूद अभी तक आर्थिक सहायता को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।
राजेश शर्मा का कहना है कि एक महीने से ज्यादा वक्त गुजर चुका है,वह लगातार सरकारी दफ्तरों में आवेदन दे रहे हैं,अधिकारियों से मिल रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक सिर्फ शासन को पत्राचार किए जाने का आश्वासन मिल रहा है। वहीं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तारीख नजदीक आती जा रही है। ऐसे में आर्थिक सहायता में देरी सीधे उनके भारत के प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकती है।
राजेश ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि अगर दिव्यांग खिलाड़ियों के सपने ही पूरे नहीं होंगे तो फिर उन्हें आगे बढ़ने का संबल कौन देगा? एक दिव्यांग खिलाड़ी के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि वर्षों की मेहनत और संघर्ष का सपना है। लेकिन अब यही सपना सरकारी आर्थिक सहायता के इंतजार में अटकता नजर आ रहा है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मामले को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की मांग की है।
बहरहाल आज जनसुनवाई में पहुंचकर राजेश शर्मा ने एक बार फिर अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाई है। अब देखना होगा कि एक दिव्यांग अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के सपने को सरकारी मदद का संबल कब मिलता है। क्योंकि सवाल सिर्फ आर्थिक सहायता का नहीं, बल्कि उस खिलाड़ी के सपने का है जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहता है।
खिलाड़ी की प्रमुख उपलब्धियां
1st Atal Bihari Vajpayee Wheelchair Rugby Cup 2024
Silver Medal Winner
Madhya Pradesh Wheelchair Rugby Team का प्रतिनिधित्व किया।
2nd Atal Bihari Vajpayee Wheelchair Rugby Cup 2025
Silver Medal Winner
Madhya Pradesh Wheelchair Rugby Team का प्रतिनिधित्व किया।
National Wheelchair Rugby Tournament
Silver Medal Winner
Madhya Pradesh का प्रतिनिधित्व किया।
Manthan Inter-State Wheelchair Rugby Championship 2026 – Rajasthan
National Silver Medal Winner
Madhya Pradesh Team का प्रतिनिधित्व किया।
Jonathan Cup 2025
Madhya Pradesh का प्रतिनिधित्व किया।
– Jonathan Cup 2026
Madhya Pradesh का प्रतिनिधित्व किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


