मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन बंटवारे के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी रामकुमार यादव लंबे समय से परिवार की जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। परिजनों द्वारा बंटवारे से इनकार किए जाने पर उसने गुस्से में आकर अपनी मां जानकुंवर यादव के सिर पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

narayana

अस्पताल में चल रहा घायल पिता का इलाज

मां को बचाने पहुंचे पिता श्याम लाल यादव पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। शनिवार सुबह उरगा थाना पुलिस ने उसे ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे चीतापाली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m