नवीन शर्मा ,हिसार/हांसी। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला हांसी पहुंचे, जहां उन्होंने हिसार में हुए विवाद को लेकर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को हिसार में “न्याय के लिए महापंचायत” आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।
दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि हिसार के एसपी पर गंभीर सवाल खड़े हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक घटना को छिपाने के लिए कई तरह की बातें फैलाई जा रही हैं और सच को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।


जो किया सेल्फ डिफेंस में
पुलिसकर्मी को धक्का देने के आरोप पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थिति सेल्फ डिफेंस की थी और उनके सामने उस समय एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद था। उन्होंने कहा कि आरोपों को गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “संघी अब पानी की गहराई नाप रहे हैं”। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अब उनका सामना ऐसे लोगों से पड़ा है जो सच्चाई के साथ खड़े हैं।


खाप पंचायतों, किसान संगठनों व युवाओं को जोड़ने का प्रयास
महापंचायत को लेकर उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव जाकर लोगों से समर्थन मांगेंगे और खाप पंचायतों, किसान संगठनों व युवाओं को भी जोड़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो सभी नेताओं से बातचीत की जाएगी और जो लोग नाराज हैं उन्हें मनाने का प्रयास किया जाएगा।


दावे वास्तविकता से मेल नहीं खाते
हिसार घटना को लेकर उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और वाइस चांसलर के बयान पर भी सवाल उठाए और कहा कि कई दावे वास्तविकता से मेल नहीं खाते।
किसान नेता राकेश टिकैत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह मुद्दा केवल किसान आंदोलन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बड़ा संघर्ष है। उन्होंने कहा कि वे सभी संबंधित लोगों से मिलकर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।