शब्बीर अहमद, भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अपनी आगामी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का ऐलान किया है। यह यात्रा धार्मिक और वैचारिक दृष्टिकोण से उज्जैन से शुरू होकर ओरछा होते हुए अयोध्या तक जाएगी। कुल 950 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का आधा हिस्सा मध्य प्रदेश और आधा हिस्सा उत्तर प्रदेश में तय होगा। दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि यह उनकी तीसरी बड़ी यात्रा है और यह पूरी तरह से गैर-राजनीतिक होगी। इसके साथ ही उन्होंने वोट चोरी और चंदा चोरी के खिलाफ एक डिजिटल पेटिशन का पोस्टर जारी किया और आम जनता से समर्थन के लिए एक मोबाइल नंबर-8982121282 भी जारी किया।
RSS और मोदी सरकार पर लगाए आरोप
संघ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संघ एक अपंजीकृत संस्था है, तो फिर दिल्ली के झंडेवाला में इतना भव्य ऑफिस और फंड कहां से आ रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी, इलेक्शन कमीशन और विश्वविद्यालयों में संघ का कब्जा है, जहां पदों के रेट फिक्स हैं। उन्होंने प्रदीप जोशी का उदाहरण देते हुए कहा कि अनियमितताओं के बावजूद उनका प्रमोशन किया गया। दिग्विजय सिंह ने यह सनसनीखेज दावा भी किया कि गुजरात में नर्मदा यात्रा के दौरान तत्कालीन एसीएस फॉरेस्ट ने उन्हें बताया था कि अमित शाह ने यात्रा में सहयोग के निर्देश दिए थे और संघ के लोगों ने उन्हें RSS में शामिल होने का ऑफर भी दिया था।
EVM, VVPAT और संविधान पर उठाई आवाज
EVM का विरोध करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि वे 2012 से इसका विरोध कर रहे हैं। जब से मशीनें कैलकुलेटर से सॉफ्टवेयर बेस्ड हुई हैं, डिजिटल फ्रॉड बढ़े हैं। VVPAT को लेकर उन्होंने कहा कि 7 सेकंड तक सिंबल दिखने के बाद क्या होता है, किसी को नहीं पता। इसके अलावा उन्होंने गोडसे की विचारधारा पर बोलते हुए कहा कि उन्हें गांधी जी की हत्या की प्रेरणा सावरकर और संघ से मिली थी।

बिना नाम लिए पंडित प्रदीप मिश्रा पर बड़ा प्रहार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में दिग्विजय सिंह ने सीहोर वाले प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा पर बिना नाम लिए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि सीहोर के पास एक कथावाचक हैं, जो दो साल में क्या से क्या हो गए! उन्होंने बच्चों से कहा था कि पढ़ने की जरूरत नहीं है, शिवजी पर उल्टा बेलपत्र शहद लगाकर चढ़ा दो तो पास हो जाओगे… लेकिन उनका खुद का बच्चा फेल हो गया! उन्होंने आगे दावा किया कि किसी ने उन्हें बताया है कि उक्त कथावाचक की 350 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

