Bihar News: भाजपा नेता और बिहार सरकार में मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने विपक्ष के प्रदर्शन और मार्च पर बड़ा बयान देते हुए विपक्ष को निकम्मा करार दिया है। दिलीप जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, विपक्ष निकम्मा हो गया है, विपक्ष बेरोजगार हो गया है, विपक्ष के पास कोई काम नहीं है, दिल्ली और पटना की सड़क पर सिर्फ राजनीति करना सीख लिए हैं।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि, जनता ने 2029 तक के लिए NDA को सत्ता में लाने का काम किया, तो विपक्ष का काम 2029 तक जनता के बीच जाकर उसकी सेवा करके उसका विश्वास जीतना था, लेकिन वो जनता के पास जाते नहीं हैं, बाढ़ पीड़ित की सेवा करते नहीं हैं, बीमारी का इलाज कराते नहीं है, बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था में मदद करते नहीं हैं, गरीब के लिए कोई सेवा करते नहीं हैं, बस सोशल मीडिया को पकड़कर पटना और दिल्ली में गाल और ताल बजाता है।
पीएम मोदी का जताया आभार
बिहार को 22 केंद्रीय विद्यालय मिलने पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि, बिहार को 22 केंद्रीय विद्यालय मिला। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी आ रहे हैं, सभी केंद्रीय विद्यालय की पढ़ाई शुरू हो जाएगी, यानी बिहार की तरक्की की गाथा नरेंद्र मोदी ने जो लिखी है, बिहार के 14 करोड़ लोग कोटि-कोटि नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दे रहे हैं।
गौरतलब है कि हालही में केंद्र सरकार ने बिहार के लिए नए केंद्रीय विद्यालयों की घोषणा की थी, और बाद में जुलाई 2026 में बिहार कैबिनेट की बैठक में अतिरिक्त नए केंद्रीय विद्यालयों और भूमि आवंटन के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
आगे बढ़ रहा बिहार- दिलीप जायसवाल
दिलीप कुमार जायसवाल ने आगे कहा कि, बिहार सरकार के कैबिनेट में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने एक प्रस्ताव दिया कि जिस तरह से बिहार के विकास की गाथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिखी गई है, पूरे कैबिनेट ने एक स्वर में प्रधानमंत्री को धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया है, शुभकामना भेजी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले दशक में बिहार में रेल के मामले में हो, एयरपोर्ट के मामले में हो, रोड के मामले में हो, शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में हो बिहार आगे बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें- ‘लोग सड़क पर डंडा खाने को तैयार’, इंडिया गठबंधन के मार्च पर प्रशांत किशोर ने कह दी ये बड़ी बात

