पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के ‘ओरा इंडिया टूर 2026’ कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस मेगा कॉन्सर्ट के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने का फैसला किया है। अब दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें शुक्रवार रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, ताकि कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों को घर लौटने में परेशानी न हो।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस कॉन्सर्ट में करीब 70 हजार दर्शक पहुंच सकते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए मेट्रो स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
दिल्ली मेट्रो की किन लाइनों पर मिलेगी सुविधा?
DMRC के अनुसार, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो को छोड़कर दिल्ली मेट्रो की अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करना और उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाना है।
जरूरत पड़ने पर चलाई जाएंगी अतिरिक्त ट्रेनें
कॉन्सर्ट के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो प्रशासन अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी में है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों को सेवा में लगाया जाएगा। इसके अलावा, जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन और प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी तथा सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
QR टिकट खरीदने की समय-सीमा भी बढ़ेगी
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा के लिए DMRC सारथी ऐप से QR टिकट खरीदने की समय-सीमा भी एक घंटे बढ़ाने का फैसला किया है। इससे दर्शकों को टिकट खरीदने और मेट्रो में सफर करने में आसानी होगी।
JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन रहेगा सबसे नजदीक
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम वायलेट लाइन पर स्थित है और कॉन्सर्ट स्थल के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशनों में प्रमुख है। दर्शकों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और भीड़ से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

