Delhi Concert Diljit Dosanjh : दिल्ली में अपने लाइव कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने कुछ ऐसा किया, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। अपनी परफॉर्मेंस के बीच उन्होंने मंच से पुलिसकर्मियों का सम्मान किया और उनके काम के लिए शुक्रिया कहा। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला पुलिस अधिकारी पर पड़ी। उन्हें देखकर दिलजीत भावुक हो गए और कहा कि उस अधिकारी में उन्हें अपनी मां की झलक दिखाई दी।
महिला पुलिसकर्मी को मंच पर बुलाकर किया सम्मान
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कुछ देर के लिए अपनी परफॉर्मेंस रोक दी। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की तरफ इशारा करते हुए दर्शकों से उनके लिए तालियां बजाने की अपील की। दिलजीत ने कहा कि अगर ये लोग यहां मौजूद नहीं होते, तो लोगों को सुरक्षित महसूस नहीं होता।
इसके बाद उन्होंने वर्दी में तैनात एक महिला पुलिस अधिकारी को मंच पर बुलाया और उन्हें सलाम किया। दिलजीत ने बताया कि अधिकारी को देखकर उन्हें अपनी मां की याद आ गई। उन्होंने कहा, “मैं अपनी मां से साल में एक या दो बार ही मिल पाता हूं। लेकिन जब आप वहां खड़ी थीं, तो मुझे लगा कि मेरी मां खड़ी हैं।”
मां की बात याद कर भावुक हुए दिलजीत
दिलजीत ने बताया कि कॉन्सर्ट वाले दिन ही उनकी मां का फोन आया था। उन्होंने फोन पर दिलजीत से अपना ख्याल रखने के लिए कहा था। इस पर सिंगर ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि सब अच्छा होगा और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।
दिलजीत ने महिला पुलिस अधिकारी को देखकर उसी बातचीत को याद किया और कहा कि उस पल उन्हें लगा जैसे उनकी मां ही उनके सामने खड़ी हैं। उनके इस अंदाज ने कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। उन्होंने कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए पूरी पुलिस टीम की तारीफ की।
सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस को कहा शुक्रिया
कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद दिलजीत ने सोशल मीडिया पर भी दिल्ली के फैंस और कार्यक्रम से जुड़े लोगों का आभार जताया। उन्होंने दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) और बुकमाईशो लाइव को धन्यवाद दिया। साथ ही दिल्ली के दर्शकों को प्यार भेजा।
दिल्ली के बाद इन शहरों में होंगे कॉन्सर्ट
दिल्ली में शो पूरा होने के बाद दिलजीत का कॉन्सर्ट टूर आगे बढ़ेगा। उनके आने वाले कार्यक्रम इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ समेत कई शहरों में होने हैं। दिल्ली कॉन्सर्ट का यह भावुक पल अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

