कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। फिल्म निर्माण में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर ग्वालियर के एक कारोबारी से करीब 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुंबई के एक फिल्म डायरेक्टर पर आरोप है कि उसने भोजपुरी फिल्म बनाने के नाम पर कारोबारी से 12 लाख 90 हजार रुपये ऐंठ लिए। न फिल्म बनी, न पैसा वापस मिला। आखिरकार कोर्ट के आदेश के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

‘रामबाबू-श्यामबाबू’ नाम की भोजपुरी फिल्म में इन्वेस्टमेंट का दिलाया भरोसा

दरअसल, ग्वालियर के विजय नगर एक्सटेंशन निवासी और मैसर्स मेट्रो प्रोडक्शन के प्रोपराइटर ओमप्रकाश कुकरेजा ने शिकायत में बताया कि मुंबई के बोरीवली वेस्ट निवासी और अग्रता आर्ट्स के प्रोपराइटर मुरली लालवानी ने वर्ष 2020 में उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने ‘रामबाबू-श्यामबाबू’ नाम की भोजपुरी फिल्म में निवेश का प्रस्ताव दिया और फिल्म रिलीज के बाद मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाया। 

शूटिंग के नाम पर ऐंठे करीब 13 लाख

विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने सितंबर 2023 में ओमप्रकाश कुकरेजा से 20 स्टाम्प पेपर और मेट्रो प्रोडक्शन के 50 लेटरहेड भी अपने पास ले लिए। इसके बाद लखनऊ में फिल्म की शूटिंग शुरू होने का हवाला देकर 16 अगस्त से 18 अक्टूबर 2023 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12 लाख 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब कारोबारी ने फिल्म की शूटिंग, खर्च और प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।

पैसे वापिस मांगने पर दी धमकी

वहीं, रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर कारोबारी की छवि खराब करने की भी कोशिश की गई,पीड़ित का आरोप है कि आरोपी फिल्म निर्माण के नाम पर कई लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर कारोबारी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। 

कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने शुरू की जांच

कोर्ट के निर्देश के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी मुरली लालवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी द्वारा लिए गए स्टाम्प पेपर और लेटरहेड का इस्तेमाल कहीं किसी अन्य धोखाधड़ी या फर्जीवाड़े में तो नहीं किया गया। बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। CSP रोबिन जैन का कहना है कि जांच के बाद जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m