अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमुनहा बाजार के पास आज मंगलवार (3, नवंबर) को एक अत्यंत संवेदनशील और मर्मस्पर्शी मामला सामने आया है। दरअसल पंचदेवरी जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे एक झाड़ी में नवजात का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण स्तब्ध रह गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस अमानवीय घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा दुख और भारी आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।
मछली पकड़ने गए लड़कों की पड़ी नजर
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर कुछ स्थानीय लड़के सड़क के किनारे जमा पानी में मछली पकड़ने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान जब वे झाड़ियों के पास पहुंचे, तो उनकी नजर वहां पड़े एक नवजात के शव पर पड़ी। इस भयावह दृश्य को देखकर वे सहम गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हर कोई इस घटना की निंदा करता नजर आया।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद लोगों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि नवजात के शव को सुनियोजित तरीके से रात या सुबह के वक्त झाड़ी में लाकर फेंका गया था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह नवजात किस अवस्था में यहां लाया गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से तहकीकात शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के सहयोग से हुआ अंतिम संस्कार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कानूनी और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद ग्रामीणों की मदद और उनकी सहमति से पुलिस की देखरेख में नवजात के शव का अंतिम संस्कार कराया गया। इस अमानवीय घटना के बाद से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के मन में कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस मजबूरी या कुप्रथा के तहत इस मासूम की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया गया और इसे झाड़ियों में छोड़ने वाला शख्स कौन था? फिलहाल, कटेया थाना की पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहराई से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
ये भी पढ़ें- भागलपुर में टेंपो और कार के बीच भीषण टक्कर, हादसे में 8 लोग घायल, 4 महिलाएं भी शामिल

