चंडीगढ़: हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण में 26 लाख से अधिक मतदाताओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ियां सामने आई हैं। नाम, पता, उम्र और रिश्तों से जुड़े विवरणों में विसंगतियां मिली हैं। निर्वाचन आयोग ने रिकॉर्ड दुरुस्त कराने के लिए मतदाताओं को करीब दो महीने का समय दिया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि राज्य में 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार से अधिक मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 1 करोड़ 72 लाख 71 हजार 361 मतदाताओं ने फॉर्म भरकर जमा कराए हैं।
पहले बीएलओ करेगा जांच, फिर भेजा जा सकता है नोटिस
रिकॉर्ड में मिली विसंगतियों की पहले बीएलओ (Booth Level Officer) जांच करेगा। यदि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी उसकी रिपोर्ट से संतुष्ट होता है तो रिकॉर्ड में सुधार कर दिया जाएगा। संतुष्टि नहीं होने पर संबंधित मतदाता को नोटिस भेजकर निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा।
31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
31 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 28 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम, पता और उम्र जरूर जांच लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
18 लाख मतदाताओं की 2002 की सूची से मैपिंग नहीं
करीब 18 लाख मतदाताओं की वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सकी है। ऐसे मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा। समय पर जवाब नहीं देने पर उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है।
मैपिंग नहीं होने का प्रतिशत:
फरीदाबाद: 22%
गुरुग्राम: 16.53%
अंबाला: 12.55%
पंचकूला: 10.55%
इन मामलों में मिली विसंगतियां
माता-पिता और बच्चों की उम्र में 15 साल से कम या 50 साल से अधिक का अंतर
दादा-दादी या नाना-नानी की उम्र में 40 साल से कम का अंतर
वर्तमान और पुरानी सूची में माता-पिता के नाम या रिश्ते अलग-अलग
महिलाओं का नाम एक सूची में पति और दूसरी में पिता के नाम से दर्ज होना
उम्र और अन्य व्यक्तिगत विवरणों में असामान्य अंतर
33.84 लाख मतदाताओं के नाम दर्ज नहीं हो सके
कुल 33 लाख 84 हजार 568 मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज नहीं हो सके। इनमें:
13.75 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित
7.66 लाख मतदाताओं की मृत्यु
2.04 लाख पहले से सूची में दर्ज
9.36 लाख अनुपस्थित
1.01 लाख से अधिक ने गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया
नाम छूट गया है तो ये फॉर्म भरें
फॉर्म-6: नाम जुड़वाने के लिए
फॉर्म-7: नाम हटाने के लिए
फॉर्म-8: नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए
SIR में लापरवाही पर 54 BLO निलंबित
विशेष गहन पुनरीक्षण में लापरवाही बरतने पर 54 बीएलओ को निलंबित किया गया है। इनमें कुरुक्षेत्र 2, करनाल 17, सोनीपत 4, जींद 4, रोहतक 3, झज्जर 5, महेंद्रगढ़ 3, गुरुग्राम 2, मेवात 9, पलवल 2 और फरीदाबाद के 3 बीएलओ शामिल हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


