बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना अंतर्गत ग्राम आरंभा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ आपसी विवाद के चलते एक युवक ने किसान पर चाकू से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत खैरलांजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चौक पर हुई कहासुनी, फिर हुआ चाकू से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल किसान रमेश (पिता भिकम ठाकरे) सुबह करीब 8 बजे गांव के मुख्य चौक पर एक ट्रैक्टर मालिक से मिलने के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान वहाँ मौजूद प्रफुल्ल जैतवार से किसी बात को लेकर रमेश की कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर प्रफुल्ल ने अपने पास मौजूद चाकू से रमेश पर ताबड़तोड़ तीन वार कर दिए। इस अचानक हुए हमले में रमेश के हाथ, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और किसी तरह उनकी जान बचाई, साथ ही तुरंत उनके परिजनों को घटना की सूचना दी।
अस्पताल में घायल का बयान दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल किसान रमेश ठाकरे के बयान दर्ज किए। बयानों और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि बात खून-खराबे तक पहुँच गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

