धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। मध्य प्रदेश के खातेगांव में जमीन के टुकड़े ने रिश्तों के टुकड़े कर दिए। हरणगाँव थाना क्षेत्र के सुलगांव में उपाध्याय परिवार के सगे भाइयों में जमीन को लेकर उपजा विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। हैवानियत की हद तब पार हो गई जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग पर न सिर्फ लाठी बरसाई बल्कि थप्पड़ ही थप्पड़ मारे। इस दौरान एक शख्स का सिर फूट गया। हमले में घायल बुजुर्ग और बेटे को इंदौर के MY अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना ने रिश्तों को कटघरे में खड़ा कर दिया। जिस परिवार में कभी साथ बैठकर खुशियां बांटी जाती थीं, वहीं आज उसी परिवार के एक बुजुर्ग के लाठी-डंडों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि अब तक की कार्रवाई से उन्हें संतोष नहीं मिला है।
बुजुर्ग की पत्नी की आंखों में आंसू हैं, बेटा न्याय की गुहार लगा रहा है और पोती अपने दादा के लिए इंसाफ मांग रही है। परिवार का कहना है कि उनके पिता और बड़े भाई के साथ बेहद बेरहमी से मारपीट की गई। उनका दावा है कि हमला इतना गंभीर था कि जान का खतरा पैदा हो गया। परिवार की मांग है कि पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराई जाए, प्रकरण में गंभीर धाराओं का इजाफा किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जमीन का विवाद इस हद तक कैसे पहुंच गया कि अपने ही एक बुजुर्ग पर लाठियां बरसाने की नौबत आ गई। SDOP आदित्य तिवारी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा इजाफा किया जाएगा। मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
फिलहाल हरणगाँव पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पीड़ित परिवार की निगाहें वरिष्ठ अधिकारियों की ओर हैं। उन्हें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष होगी, यदि जांच में गंभीर तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुरूप कार्रवाई होगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


