मुकेश मेहता, बुधनी (भैरुन्दा)। गोपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर निवासी मनीष पंवार की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। युवक की मौत से नाराज परिजनों ने गोपालपुर थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

परिजनों का आरोप है कि मनीष की पत्नी अंकिता पंवार कथित रूप से कीर्तन यादव के साथ चली गई थी। इस संबंध में मनीष ने 15 जुलाई को गोपालपुर थाने में पत्नी के लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों का कहना है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मनीष मानसिक रूप से परेशान था।

मामले में आत्महत्या से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मनीष ने कीर्तन यादव पर ब्लैकमेलिंग, अवैध संबंध के आरोप लगाए। साथ ही 6 लाख रुपये देने के आरोप लगाए हैं। परिजन इसी वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाड़ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिसके बाद एसडीओपी रोशन जैन मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाइश दी। इसके बाद परिजन शांत हुए और युवक का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को परिजनों की सूचना पर गुम इंसान का प्रकरण दर्ज किया गया था। उस समय ब्लैकमेलिंग या अन्य किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। हालांकि, अब युवक की मृत्यु के बाद परिजनों के बयान और सामने आए वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m