हेमंत शर्मा, इंदौर। अवैध कब्जों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ इंदौर जिला प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई की है। जिले के मल्हारगंज तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम मगरखेड़ा में प्रशासन का बुलडोजर गरजा और करोड़ों की सरकारी जमीन को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराया।
नोटिस और स्टे के बावजूद जारी था निर्माण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मगरखेड़ा में करीब 900 स्क्वायर फीट शासकीय भूमि पर अवैध रूप से तीन मंजिला मकान का निर्माण कराया जा रहा था। स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) पर दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद मल्हारगंज तहसीलदार ने मौके का मुआयना कर निर्माण कार्य रोकने हेतु स्थगन आदेश (Stay Order) का नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद भू-माफियाओं द्वारा प्रशासन के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया और पुलिस बल की मौजूदगी में तीन मंजिला अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
कलेक्टर का कड़ा संदेश: दर्ज होगी FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने शासकीय भूमि पर कब्जा करने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिया है कि अवैध निर्माण करने वालों पर तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


